Heartfelt tribute : Brave Martyrs के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Heartfelt tribute : Brave Martyrs के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि

जम्मू के कठुआ में सोमवार को आतंकवादी हमले में उत्तराखंड के पांच जवान शहीद हो गए थे | जिसमें जनपद पौड़ी के रिखणीखाल ब्लाक के दो लाल जम्मू कश्मीर के कठुआ में देश की रक्षा के लिए आतंकी हमले में शहीद हो गए | शहीदों के पार्थिव शरीर को उनके पैत्रिक घात पर पूरा सैन्य सम्मान के साथ भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई |

आपको बता दें कि जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्राम कर्तिया, नोदानु, तहसील रिखणीखाल निवासी कमल सिंह एवं ग्राम -डोबरिया, तहसील रिखणीखाल निवासी अनुज नेगी 8 जुलाई की रात्रि आतंकी हमले में देश के लिए शहीद हो गये थे।

9 जुलाई को शहीद कमल सिंह एवं अनुज नेगी के पार्थिव शरीर को भारतीय सेना के हेलीकॉप्टर से कोटद्वार लाया गया। जहां से उनके पार्थिव शरीरों को बुधवार को उनके पैतृक निवास स्थानों ले जाया गया।

जहाँ उनके पैतृक गांव में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार जया बलोनी आदि द्वारा समस्त पौड़ी पुलिस परिवार की ओर से शहीद वीर जांबाज स्व0 कमल सिंह एवं स्व0 अनुज नेगी को पुष्प अर्पित कर नम आंखों से श्रद्धांजलि दी गई।

वीर जांवाज स्व0 कमल वर्ष 2007 एवं वीर जांबाज स्व0 अनुज वर्ष 2018 में भारतीय सेना की 22वीं गढ़वाल राईफल में भर्ती हुए थे। आज पूरा देश इस प्रकार की घटना से बहुत दुखी है। दूसरी ओर ऐसे वीरों से देश खुद को गौरवान्वित महसूस करता है।

उत्तराखण्ड पुलिस परिवार इस दुःख की घड़ी में शहीद परिवारों के साथ है एवं भगवान से प्रार्थना करते है कि शहीद वीर जांबाज स्व0 कमल सिंह एवं स्व0 अनुज नेगी के परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दें एवं दिवगंत आत्माओं को शान्ति प्रदान करें।

वहीँ रिखणीखाल ब्लाक के ग्राम डोबरिया निवासी रायफलमैन अनुज नेगी का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह उनके पैतृक गांव पहुंचा। तिरंगे में लिपटकर आए अपने लाल को देखकर पत्नी, माता-पिता और बहन बिलख पड़े।

शहीद की मां सुमित्रा देवी और पत्नी सीमा बेसुध हो गए।गांव से उनकी अंतिम यात्रा निकली जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा। गांव के पैतृक घाट पर सैन्य सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि हुई। शहीद की चिता को मुखाग्नि पिता भारत सिंह और चाचा शिशुपाल सिंह ने दी।

नम आंखों से दी शहीद विनोद भंडारी को अंतिम विदाई, पाकिस्तान मुर्दाबाद के  नारे भी लगाए

उत्तराखंड के ही डोईवाला के 29 वर्षीय विनोद सिंह भंडारी पुत्र वीर सिंह भंडारी भी आतंकवादियों के हमले में शहीद हो गए। मंगलवार को सभी वीर जवानों के पार्थिव शरीर विशेष विमान से जॉली ग्रांट एयरपोर्ट लाये गए। जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित तमाम लोगों ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

 बुधवार को डोईवाला के अठुरवाला में विनोद सिंह भंडारी के पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई दी गई, इस दौरान ‘ जब तक सूरज चांद रहेगा विनोद तेरा नाम रहेगा’ जैसे नारों के साथ पूरा क्षेत्र गूंज गया।

विनोद सिंह का पार्थिव शरीर सैन्य सम्मान के साथ मुनिकीरेती स्थित पूर्णानंद घाट पर लाया गया। यहां गमगीन माहौल में शहीद विनोद सिंह पंचतत्व में विलीन हो गए। मौके पर गढ़वाल राइफल की तीन यूनिट सैन्य सम्मान के लिए पहुंची। सैनिकों ने सबसे पहले शहीद को पुष्प चक्र अर्पित किए।

फिर आठ जवानों ने हवा में तीन राउंड गोली चलाकर सलामी दी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल सहित शहर के सैकड़ो लोग और जनप्रतिनिधि अपनी शोक संवेदनाएं लेकर घाट पर पहुंचे।

बता दें कि सिर्फ 29 साल की उम्र में देश की सेवा करते विनोद सिंह भंडारी ने अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया, विनोद सिंह भंडारी के दो  बच्चे हैं।

जिनमें एक-तीन महीने की बेटी और एक चार साल का बेटा है। विनोद सिंह भंडारी तीन बहनों में इकलौते भाई थे और उनके पिताजी भी फ़ौज से रिटायर हैं। इस दौरान लोगों में पाकिस्तान के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए पाकिस्तान मुर्दाबाद के  नारे भी लगाए।

जब तक सूरज चांद रहेगा आदर्श तेरा नाम रहेगा

जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले के मछेडी-किंडली-मल्हार इलाके में आतंकी हमले में शहीद 25 वर्षीय राइफलमैन आदर्श नेगी का पार्थिव शरीर बुधवार 12 बजे उनके गांव थाती डागर पहुंचा। जहां पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करने के लिए परिजनों और लोगों की भीड़ लगी रही।

आदर्श के पार्थिव शरीर को देखते ही उनकी मां और बहन रोकर बिलखने लगी। शहीद को देख हर किसी कि आंखें नम थी। अंतिम दर्शन करने के बाद थाती डागर से उनके पैतृक घाट मलेथा तक अंतिम यात्रा निकली।

इस दौरान जब तक सूरज चांद रहेगा आदर्श तेरा नाम रहेगा के नारों से पूरी डागर पट्टी गुंज उठी। सभी ने आदर्श  को नम आंखों से विदा किया। उनके पैतृक घाट बासापानी मलेथा में सेना के अधिकारियों, जिलाधिकारी टिहरी मयूर दीक्षित, एसपी टिहरी नवनीत सिंह भुल्लर, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, पूर्व विधायक मंत्री प्रसाद नैथानी,उपजिलाधिकारी सोनिया पंत समेत अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

जिसके बाद सैन्य सम्मान के साथ आदर्श को अंतिम विदाई दी गई। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल योगेन्द्र कुमार ने कहा कि जम्मू कश्मीर के कठुआ में आतंकी हमले में प्रदेश के पांच जवान शहीद और तीन जवान घायल हुए हैं।

उन्होंने कहा कि दो जवान टिहरी जिले के भी आतंकी हमले में शहीद हुए हैं। कहा आदर्श नेगी को अंतिम विदाई देने के लिए लोगों का जनसैलाब उमड़ा है। आतंकियों का सफाया करने के लिए सरकार सख्त से सख्त निर्देश जारी करेगी। एक ही परिवार के दो बेटों की शहादत हुई है।

बीते 30 अप्रैल को मेजर प्रणव नेगी की भी शहादत हो गई थी। कहा कि दुख का समय है, लेकिन आदर्श और प्रणव ने मां भारती की सेवा करते हुए अपनी शहादत देकर अपने जिले,प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com